पीसी एंड पीएनडीटी की बैठक में छह अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन की मंजूरी
रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)।
रांची में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को सदर अस्पताल सभागार में जिला सलाहकार समिति (पीसी एंड पीएनडीटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन, नवीकरण, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग, यूएसजी मशीन खरीद और अन्य तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए छह अल्ट्रासाउंड सेंटर के नए निबंधन और चार सेंटर के नवीकरण को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा संस्थानों में मशीन की फॉर्म-बी में प्रविष्टि, प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद चिकित्सकों की ज्वाइनिंग को भी मंजूरी दी गई।
उपायुक्त ने अल्ट्रासाउंड सेंटरों के नियमित निरीक्षण और नियमों के सख्ती से अनुपालन का निर्देश देते हुए कहा कि उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में यूएसजी मशीन स्थानांतरण के एक, नए डॉक्टरों की नियुक्ति के सात, मशीन खरीद के छह एवं फॉर्म-बी प्रविष्टि के 19 आवेदनों को स्वीकृति दी गई।
साथ ही मशीन डिस्मेंटलिंग-रिफर्बिशिंग के लिए एक लाइसेंस जमा किया गया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची, उर्वशी पाण्डेय, डॉ वंदीता, डॉ एस बास्की, डीपीएम, प्रवीण कुमार सिंह, समिति सदस्य और पीसी एंड वीएनडीटी को-ऑर्डिनेटर राकेश कुमार राय सहित कई अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar