कम हो इंडोर स्टेडियम का इंट्री फीस, खेल सुविधाओं को करें दुरुस्त : डीसी

 




रामगढ़, 03 जून (हि.स.)। जिले में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने और खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से डीसी ऋतुराज ने बुधवार को विभिन्न खेल परिसरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने खिलाड़ियों की सुविधा और उनके विकास के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीसी सर्वप्रथम इंडोर स्टेडियम पहुंचे। वहां उन्होंने खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक आकर्षित करने और खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से स्टेडियम के प्रवेश शुल्क को कम करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली खेल सामग्री अविलंब उपलब्ध कराने की बात कही। स्टेडियम की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने नगर परिषद के पदाधिकारियों को नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद डीसी ने समाहरणालय परिसर स्थित स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया। उन्होंने बंद पड़े स्विमिंग पूल को अविलंब पूरी क्षमता के साथ सुचारू करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि तैराकों और खेल प्रेमियों को इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के अंतिम चरण में डीसी सिद्धू कान्हू स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने खेल छात्रावास की स्थिति का जायजा लिया। डीसी ने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि छात्रावास को जल्द से जल्द सुचारू किया जाए और यहां खेल विद्यार्थियों के लिए रहने, खाने और अभ्यास करने की समुचित एवं उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, नगर परिषद के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश