भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 10 सितंबर को पहुंचेगी रांची, 11 को बिरसा समाधि तक पदयात्रा

 


रांची, 08 सितंबर (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रिया में कथित धांधली एवं अनियमितताओं के खिलाफ चल रही राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 10 सितंबर को रांची पहुंचेगी। यह जानकारी राम अवतार महतो ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में आयोजित सामूहिक प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा का उद्देश्य राज्य के विभिन्न जिलों में छात्रों एवं अभ्यर्थियों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना और उनके सुझावों को संकलित करना है।

राम अवतार महतो के अनुसार, यात्रा के अंतिम चरण में 11 सितंबर को मोरहाबादी मैदान में राज्यभर से छात्रों और समर्थकों का जुटान होगा। यहां भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मोरहाबादी मैदान से कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल (डिस्लरी पुल) तक पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि समाधि स्थल पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा।

राम अवतार महतो ने कहा कि यात्रा के माध्यम से राज्य की भर्ती व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को सामने लाया गया है। यह अभियान छात्रों एवं अभ्यर्थियों की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है।

प्रेस वार्ता में रामअवतार महतो, दीनबंधु मंडल, लकी रामु राज, चंदन रजक और राजीव कुमार तुलसी सहित अन्य मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar