नेमरा से शुरू होगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा, 23 जिलों तक पहुंचेगा अभियान : देवेंद्रनाथ

 


रांची, 23 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी में पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर चल रहे अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी। यह जानकारी आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैया टांड़ से शुरू की जाएगी।

यात्रा का शुभारंभ दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में झारखंड की पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ होगा।

देवेंद्रनाथ ने कहा कि यात्रा पूरी तरह संवैधानिक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगी। इसका उद्देश्य युवाओं को संगठित कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता की मांग को 24 जिलों तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पाहन की उपस्थिति में पारंपरिक विधि-विधान, मांदर की धुन, राष्ट्रगान, महापुरुषों को नमन और सखुआ के पौधारोपण कर यात्रा की शुरुआत की जाएगी।

नेमरा से शुरू होकर यात्रा रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लातेहार, पलामू, गढ़वा होते हुए रांची पहुंचेगी।

अभियान के दौरान अधिवक्ताओं की लीगल टीम भी साथ रहेगी, जो न्यायिक मामलों में अभ्यर्थियों को आवश्यक कानूनी सहयोग उपलब्ध कराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar