रांची में भर्ती सुधार यात्रा का समापन, बोले देवेंद्र- आंदोलन नहीं हुआ खत्म
रांची, 11 सितंबर (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी कर्मचारी चयन आयोग की नियुक्ति प्रक्रियाओं में व्याप्त अनियमितता, धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों की ओर से चलाए जा रहे राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का शुक्रवार को रांची में समापन हुआ।
यात्रा के 18वें दिन राजधानी रांची में पदयात्रा निकाली गई। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा की शुरुआत हुई। इसके बाद यात्रा रेडियम रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची, जहां परमवीर शहीद अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि और माल्यार्पण किया गया।
मौके पर अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्रों और आम लोगों की मौजूदगी के कारण यातायात भी प्रभावित हुई।
इसके बाद पदयात्रा कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा का समापन किया गया।
अल्बर्ट एक्का चौक पर सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्रों की यात्रा संपन्न हुई है, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुई है। राज्य सरकार को अपने वादे के अनुरूप नियुक्ति परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य मजबूती के साथ न्यायालय के समक्ष रखना चाहिए। साथ ही सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरे राज्य का भ्रमण कर जनता और अभ्यर्थियों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाया है। सरकार को अब छात्रों की आवाज को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
देवेंद्र नाथ ने कहा कि भर्ती सुधार यात्रा का समापन आंदोलन का अंत नहीं है। छात्रों के अधिकार, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि न्यायालय में परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के साक्ष्यों को प्रस्तुत करने में सरकार की कथित उदासीनता के विरोध में यह राज्यव्यापी यात्रा शुरू की गई थी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान राज्या के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर अभ्यर्थियों और आम जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके बाद इस यात्रा का समापन किया गया।
पदयात्रा में विभिन्न स्थानों पर तैयारी कर रहे प्रतियोगी छात्रों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak