झारखंड में अब तक सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश, 23 अगस्त तक येलो अलर्ट
रांची, 19 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में एक जून से 19 अगस्त के बीच 700.5 मिलीमीटर के मुकाबले 633.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 10 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में 23 अगस्त तक गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है। हालांकि, अगले एक-दो दिनों तक राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसा, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 190 मिलीमीटर बारिश रामगढ़ जिले के पतरातू में रिकॉर्ड की गई। इस दौरान चाईबासा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से हल्की बारिश होती रही। दिनभर बादल छाए रहने और बारिश के कारण वातावरण में ठंडक महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 27.3 और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.2 और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32 और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak