रेल परियोजना के तहत 3,907 करोड़ मिलना झारखंड के लिए सौगात : सेठ

 


रांची, 15 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय राज्य रक्षा मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से झारखंड और ओडिशा से जुड़ी लगभग 3,907 करोड़ रूपए की रेल परियोजनाओं को मंजूरी मिलना झारखंड के लिए बडी सौगात है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड और ओडिशा दोनों राज्यों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

संजय सेठ ने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं के तहत पारादीप–हरिदासपुर रेल लाइन का दोहरीकरण और राजखरसावां–डांगोआपोसी रेलखंड पर चौथी रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेल परिचालन अधिक सुगम होगा और माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी। साथ ही औद्योगिक और खनिज क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

इससे झारखंड और ओडिशा में उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ झारखंड और ओडिशा के 1,526 गांवों की 14 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकास की रफ्तार तेज होगी। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, नई ट्रेनों का परिचालन, यात्री सुविधाओं का विस्तार और आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में रेलवे क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं और यह स्वीकृति राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar