'मेरा शब्द, मेरी कहानी अभियान से गूंजे रामगढ़ के विद्यालय

 




रामगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देश पर रीड-ए-थॉन का आयोजन स्कूलों में किया गया। बच्चों में बुनियादी पठन कौशल विकसित करने और उनमें नियमित रूप से पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरा शब्द, मेरी कहानी’ पठन अभियान चलाया गया। इबके तहत मंगलवार को जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में रीड-ए-थॉन गतिविधि का आयोजन किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, अभिभावक एवं समुदाय के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में केवल पढ़ने की आदत विकसित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें पढ़ने, समझने, सोचने और अपनी बात अपने शब्दों में व्यक्त करने के लिए सक्षम बनाना है। बाल वाटिका से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ते हुए उनकी पठन समझ, भाषा कौशल, रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान विद्यालयों में रीड अलाउड, शेयर्ड रीडिंग, वर्ड स्टोरी क्रिएशन, और स्टोरी इन अवर वर्ड, वर्ल्ड ऑफ स्टोरीज, क्यूआर कोड स्टोरी वाल्स और स्टूडेंट्स पोडकास्ट जैसी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें रीड-ए-थॉन को विशेष महत्व दिया गया है।

अभियान के तहत विद्यार्थियों को अपनी पसंद की पुस्तक चुनकर पढ़ने तथा पढ़ी गई कहानी अथवा विषय-वस्तु को अपने शब्दों में प्रस्तुत करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इससे उनमें नियमित पठन की आदत के साथ-साथ भाषा, संचार एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास होगा।

जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी ने बताया कि जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी विद्यालयों को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध, प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण तरीके से संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने की आदत को उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश