बकाया कमीशन को लेकर पीडीएस दुकानदारों का सरकार को अल्टीमेटम, त्योहार से पहले भुगतान की मांग
रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बकाया कमीशन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर राज्य के पीडीएस दुकानदारों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है। शनिवार को रांची के अशोक नगर में फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की राज्यस्तरीय बैठक में सभी जिलों से आए राशन दुकानदारों ने कहा कि त्योहार से पहले बकाया कमीशन का भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। संगठन की ओर से करीब 25 हजार दुकानदारों के कमीशन के लंबित होने का दावा किया गया है।
बैठक में मौजूद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों को विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के समक्ष रखा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कैबिनेट में भी इस पर चर्चा की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन भैया ने कहा कि विभागीय मंत्री की ओर से कमीशन भुगतान की घोषणा के बावजूद 12 महीने के बकाए में महज तीन महीने की राशि देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सरकार से पूरे बकाए कमीशन का भुगतान करने की मांग की। साथ ही कमीशन की दर डेढ़ रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर दो रुपये प्रति किलो करने की मांग उठाई।
मोहन भैया ने ई-पॉस व्यवस्था में सर्वर की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि तकनीकी गड़बड़ियों के कारण कई लाभुकों को बिना राशन लिए ही लौटना पड़ता है। उन्होंने राज्य के करीब 25 हजार पीडीएस दुकानदारों के लिए अलग सर्वर उपलब्ध कराने की मांग की।
एसोसिएशन के प्रदेश प्रधान महामंत्री ज्ञानदेव झा ने प्रस्तावित ग्रेन एटीएम व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ग्रेन एटीएम शुरू होने से पीडीएस दुकानदारों के रोजगार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से दुकानदारों की आजीविका और उनके परिवारों के हित को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था पर विचार करने की मांग की।
ज्ञानदेव झा ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण लेने की भी बात कही गई।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे