रामगढ़ नगर परिषद उपाध्यक्ष पद पर रणधीर गुप्ता की जीत, कड़े मुकाबले में प्रतिभा शरण को हराया

 








रामगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद का चुनाव काफी रोमांचक रहा। राजनीतिक दांव-पेंच के बीच वार्ड 17 के पार्षद रणधीर गुप्ता ने जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद हासिल किया।

रणधीर गुप्ता को 32 में से 17 वार्ड पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी वार्ड 24 की पार्षद प्रतिभा शरण को 15 मत प्राप्त हुए। इस तरह मुकाबला बेहद करीबी रहा।

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला उपायुक्त (डीसी) फैज अक अहमद मुमताज ने रणधीर गुप्ता को विजयी घोषित किया। इसके बाद डीसी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) की मौजूदगी में नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी तथा उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद की निर्वाची पदाधिकारी गीतांजलि कुमारी ने विजयी उम्मीदवार को प्रमाण पत्र प्रदान किया, जिसके बाद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी ने औपचारिक रूप से उपाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।

इस चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में थे, अरुण कुमार कुशवाहा, रणधीर कुमार गुप्ता और प्रतिभा शरण। हालांकि, अरुण कुमार कुशवाहा ने बाद में अपना नामांकन वापस ले लिया था।

इसके साथ ही मंगलवार को नगर परिषद रामगढ़ के नव-निर्वाचित अध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों को भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी फैज अक अहमद मुमताज द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश