विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनएसएस ने निकाली जागरूकता रैली

 


रांची, 31 मई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

यह रैली प्रातः विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक, शहीद चौक, विश्वविद्यालय मुख्यालय मुख्य द्वार होते हुए पुनः विश्वविद्यालय परिसर तक निकाली गयी। रैली का उद्देश्य तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ किशोर सुरिन और मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची के कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती के नेतृत्व में, जेवियर काॅलेज, मारवाड़ी महाविद्यालय, गोस्सनर काॅलेज, निर्मला काॅलेज, रांची महिला महाविद्यालय, राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय, रांची के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस रैली को रिकेष कुमार भारद्वाज, अभिषेक, अनिश, रिचा , लक्की, अंकित ने संभाला।

इस अवसर पर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak