हरित वीथिका पौधारोपण के साथ हुआ रांची विवि के 67वें स्थापना दिवस समारोह का समापन

 


रांची, 12 जुलाई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय 67वें स्थापना दिवस समारोह का समापन रविवार को प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम हरित वीथिका के साथ हुआ। इस आयोजन में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों, एनएसएस के छात्र-छात्राओं और मीडियाकर्मियों ने मिलकर परिसर में पौधारोपण किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने कहा कि झारखंड की धरती स्वयं में एक हरा-भरा वरदान है। हमारा यह कर्तव्य है कि हम इस प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता को न केवल संजोएं, बल्कि अपने विश्वविद्यालय परिसर को भी हरियाली से आच्छादित कर आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ और समृद्ध पर्यावरण की विरासत सौंपें। 'हरित वीथिका' इसी संकल्प की एक छोटी किंतु सार्थक शुरुआत है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएसडब्ल्यू प्रो सुदेश कुमार साहू ने कहा कि पौधारोपण मात्र एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में एक जिम्मेदार पहल है। विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए ये पौधे आने वाले वर्षों में एक समृद्ध हरित आवरण के रूप में विकसित होंगे।

पौधारोपण कार्यक्रम में सीसीडीसी डॉ पीके झा, प्रोक्टर डॉ मुकुंद चंद्र झा, पीआरओ सह डिप्टी डायरेक्टर सीवीएस डॉ स्मृति सिंह, मानव विज्ञान विभाग के निदेशक डॉ दिनेश उरांव, बोटनी विभागाध्यक्ष डॉ लाडली रानी, एनएसएस समन्वयक डॉ किशोर सुरीन डॉ हीरानन्दन, डॉ दीपाली सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक और कर्मियों ने पौधारोपण कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज करायी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak