रांची में एसआईआर पूरा, विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन शत प्रतिशत के करीब

 


रांची, 29 जुलाई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत रांची जिले में मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिला प्रशासन रांची की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि तमाड़, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म का 100 प्रतिशत वितरण और संग्रहण पूरा हो चुका है, जबकि सिल्ली, खिजरी और रांची विधानसभा क्षेत्रों में भी यह कार्य लगभग शत-प्रतिशत पूर्ण हो गया है।

बताया गया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन का कार्य भी लगभग 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

जिला प्रशासन ने बताया कि बुधवार की शाम छह बजे तक तमाड़, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर में डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है, जबकि सिल्ली में भी यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके साथ ही जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए एब्सेंटि शिफ्टेड डेड डूप्लिकेट (एएसडीडी) मतदाताओं की सूची भी तैयार कर ली गई है।

जारी आंकड़ों के अनुसार रांची विधानसभा क्षेत्र में 1,52,913 (38.73 प्रतिशत) एएसडीडी मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इसके बाद हटिया में 1,84,726 (33.59 प्रतिशत), कांके में 1,42,667 (28.38 प्रतिशत), खिजरी में 89,256 (23.04 प्रतिशत), मांडर में 63,743 (16.24 प्रतिशत), तमाड़ में 32,071 (14.64 प्रतिशत) तथा सिल्ली में 32,560 (14.26 प्रतिशत) मतदाता एएसडीडी श्रेणी में शामिल हैं। प्रशासन ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar