मिलाद-उल-नबी को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। मिलाद-उल-नबी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च खास तौर पर उन क्षेत्रों में किया गया, जहां भीड़ अधिक रहती है और जहां से मिलाद-उल-नबी का जुलूस गुजरने की संभावना है।
जुलूस बुधवार को दोपहर बाद करीब 1 बजे निकलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में जुलूस में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, इसलिए उसी अनुपात में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत जुलूस के रूट और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. पुलिस वीडियो कैमरों के जरिए भी निगरानी करेगी, जबकि जरूरत के अनुसार ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर रखेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट दिखाई देती है, तो उसे आगे प्रसारित न करें। इसकी सूचना तत्काल डायल 112, रांची पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल या संबंधित पुलिस अधिकारियों के सरकारी सीयूजी नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से दी जा सकती है।
एसडीओ कुमार रजत ने बताया कि जुलूस के अलग-अलग रूट के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। फिरायालाल चौक जैसे व्यस्त इलाकों में जुलूस का सामान्य तौर पर प्रवेश नहीं होता, लेकिन अंदरूनी मार्गों और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां भी आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है। डोरंडा इलाके में भी कुछ संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है। रिसालदार बाबा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए वहां भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान लोगों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारी, डीएसपी और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय रूप से शामिल किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें। किसी भी असामाजिक तत्व को ऐसी गतिविधि करने का मौका न दें, जिससे सांप्रदायिक माहौल बिगड़ सकता है। फ्लैग मार्च में सीडीओ कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह समेत कई जवान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे