रांची पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में किया फ्लैग मार्च
रांची, 26 मार्च (हि.स.)। राज्यभर में रामनवमी का पर्व 27 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। रामनवमी का जुलूस विभिन्न अखाड़ों द्वारा कल शाम को निकाला जाएगा। इसको लेकर रांची पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
रांची के फिरायालाल चौक से सुजाता चौक, एकरा मस्जिद-कर्बला चौक, पथल कुदवा-चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर आदि क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। इस फ्लैग मार्च के दौरान सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, डीएसपी रैंक के अधिकारी सहित थाना प्रभारी शामिल थे।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना, आमजन में विश्वास बहाली उत्पन्न करना और आकस्मिकता की स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारी करना है। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस के रूट में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और सुरक्षा की स्थिति की सूक्ष्मतापूर्वक समीक्षा ड्रोन के मदद से की गई तथा प्रति नियुक्त बलों को ब्रीफ किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे