दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट: सिटी एसपी और ट्रैफिक एसपी ने रूट से लेकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार की रात को सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले प्रमुख रास्तों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान रूट वेरिफिकेशन के साथ सुरक्षा इंतजाम, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। पूजा के दौरान किन मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है और लोगों की आवाजाही को किस तरह व्यवस्थित रखा जाए, इस पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस का जोर इस बात पर है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को पंडालों तक पहुंचने में परेशानी न हो और प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था बनी रहे। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया जा रहा है।
रांची पुलिस की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में दर्शन कर सकें और आम लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे