खादगढ़ा बस टर्मिनल में नगर निगम 25 से करेगा टोल वसूली
रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल, खादगढ़ा में 25 सितंबर से रांची नगर निगम विभागीय स्तर पर टोल और राजस्व की वसूली करेगा। यह बातें गुरूवार को रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में गठित टीम के सदस्यों के साथ बैठक में कही गई।
बैठक में नगर आयुक्त ने टोल और राजस्व वसूली की कार्यप्रणाली और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी संबंधित कर्मियों को दी गई। मौके पर उन्होंने बताया कि राजस्व संग्रहण के सुचारू संचालन के लिए राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक की संयुक्त टीम गठित की गई है। अगले 15 दिनों के लिए टीम का ड्यूटी रोस्टर भी निर्धारित किया गया है। अपर नगर आयुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को ड्यूटी के दौरान निगम का अधिकृत पहचान-पत्र पहनना अनिवार्य किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शुल्क वसूली केवल अधिकृत निगम कर्मी करेंगे और किसी बाहरी या निजी व्यक्ति को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रथम पाली सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक होगी। टीम की ओर से बस टर्मिनल के प्रवेश और निकास से आने-जाने वाले वाहनों से नगर निगम के निर्धारित दर के अनुसार टोल-शुल्क की वसूली की जाएगी। शुल्क जमा करने के बाद वाहन चालक को निगम की विधिवत रसीद दी जाएगी।
बैठक में नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, राजस्व निरीक्षक, परिसंपत्ति अधीक्षक सिहत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar