एसआईआर के खिलाफ रांची में कई संगठनों ने किया मार्च
रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में कई संगठनों की ओर से शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में साझा मार्च निकाला गया। हर गांव, हर शहर जंतर-मंतर के नारे के साथ आयोजित यह मार्च रांची विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। इसमें विभिन्न सामाजिक, छात्र और जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने पीपल अगेंस्ट एसआईआर की रांची आयोजन टीम के आह्वान पर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। मार्च के जरिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने, एसआईआर प्रक्रिया समाप्त करने और मतदाता सूची से हटाए गए नाम दोबारा जोड़ने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त अधिनियम, 2023 में किए गए संशोधनों को रद्द करने की भी मांग की।
मार्च करते हुए प्रर्दशनकारियों ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने का खतरा है।
उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
मार्च में प्रकाश विप्लव, प्रफुल्ल लिंडा, रतन तिर्की, अफजल अनीस, प्रवीर पीटर, विजय कुमार, नंदिता भट्टाचार्य सहित कई लोग शामिल हुए। झारखंड जनाधिकार महासभा, आईसा, एसएफआई, सरना समिति सहित विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar