नगर आयुक्त ने करमा पर्व पर रांची के 298 सरना स्थलों में सफाई का दिया निर्देश

 


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। करमा पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के 53 वार्डों में चिन्हित 298 सरना स्थलों एवं अखड़ों पर स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था तेज कर दी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न सरना स्थलों और अखड़ों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के कई निर्देश दिया।

नगर आयुक्त ने सहजानंद चौक स्थित देशवाली सरना-सह-अखड़ा, सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास और करनटोली चौक स्थित सरना स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पूजा समितियों से फीडबैक लेते हुए निर्देश दिया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। नगर निगम की ओर से सभी स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, झाड़ू-घास की कटाई और जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया है।

विद्युत शाखा को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, जबकि अभियंत्रण शाखा को जरूरत के अनुसार पेवर ब्लॉक, स्टोन डस्ट, जेएसबी से समतलीकरण और खुले नालों पर स्लैब लगाने के निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सूखे पेड़ों और लटकती डालियों की छंटाई और आवश्यकतानुसार वाटर टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar