नगर निगम के अधिकारियों ने पंडालों का निरीक्षण कर लिया व्यवस्था का जायजा

 


रांची, 08 अक्टूबर (हि.स.)।

आगामी दुर्गापूजा महोत्सव को लेकर रांची नगर निगम ने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों की सुविधाओं के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम पदाधिकारियों ने गुरूवार को शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने की बात पर पंडालों का निरीक्षण कर पूजा समितियों से व्यवस्थाओं और समस्याओं की जानकारी ली।

इस दौरान बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा, डोरंडा और तुपुदाना अंचल के अधिकारी संबंधित वार्डों की पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं। इस दौरान स्वच्छता, पथ प्रकाश, नालियों की सफाई, स्लैब की व्यवस्था, स्टोन डस्ट की उपलब्धता, पेड़ों की छंटाई सहित श्रद्धालुओं से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं का फीडबैक लिया जा रहा है।

निगम स्तर से प्राप्त समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित शाखाओं और टीमों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। निगम ने अंचल कार्यालयों को पूजा समितियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पूजा समितियां अपनी समस्याओं या आवश्यकताओं के लिए संबंधित अंचल कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।

निरीक्षण के दौरान निगम के कई पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar