बेतरतीब फाइबर केबल पर नगर निगम ने कंपनियों को दिया अल्टीमेटम

 


रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली के खंभों पर बेतरतीब ढंग से लटकते इंटरनेट फाइबर केबल को लेकर रांची नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने संबंधित कंपनियों को तीन दिनों के भीतर कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक केबल व्यवस्थित करने का निर्देश दिया है।

इस संबंध में इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों, दूरसंचार अवसंरचना एजेंसियों, केबल ऑपरेटरों और बिजली विभाग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

अपर नगर आयुक्त ने कंपनियों को तीन माह का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि केबल व्यवस्थित करने के लिए पहले भी कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

खंभों पर लटकते तार शहर की सुंदरता को प्रभावित करने के साथ सार्वजनिक व्यवस्था के लिए भी समस्या पैदा करते हैं।

बैठक के बाद संजय कुमार ने संबंधित प्रतिनिधियों के साथ कचहरी रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने पहले चरण में कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक तीन दिनों के भीतर सभी अव्यवस्थित केबल व्यवस्थित करने और अन्य प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बिजली विभाग ने बताया कि केबल लगाने और उनके रखरखाव के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जा रही है। नगर निगम ने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय से निर्धारित मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

बैठक में रिलायंस, ईडीआईपीएल, इंडस टावर, प्रोटो और बीएसएनएल सहित संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar