नगर निगम ने की दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाबों की सफाई
रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)।
दुर्गा पूजा के समापन के बाद रांची नगर निगम ने चिन्हित तालाबों और जलाशयों में गुरुवार को विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 600 सफाई मित्रों को तैनात कर मूर्तियों के अवशेषों और पूजा सामग्रियों को हटाने एवं उनके समुचित निस्तारण का कार्य किया गया। रांची नगर निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखना और छठ महापर्व के लिए घाटों को तैयार करना है।
दुर्गा पूजा के दौरान निगम ने मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित विसर्जन कुंड और पूजा सामग्री के लिए अलग जलकुंड बनाए थे। सुरक्षा के मद्देनजर बांस-बल्लियों एवं रिबन से घेराबंदी भी की गई थी।
चिन्हित स्थलों में बड़ा तालाब, लाइन टैंक तालाब, जेल तालाब, करमटोली तालाब, मछली तालाब, कांके डैम, बनस तालाब, स्वर्णरेखा घाट, अरगोड़ा तालाब, धुर्वा डैम और जगन्नाथपुर तालाब सहित अन्य जलाशय शामिल हैं।
वहीं, छठ महापर्व को लेकर शहर के 74 तालाबों के घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों की तैनाती की गई है। घाटों के साथ आसपास के क्षेत्रों और पहुंच मार्गों की सफाई और कचरे के निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।
रांची नगर निगम ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा तालाबों में न डालें और निर्धारित स्थानों पर ही कचरे का निस्तारण करें। निगम का लक्ष्य छठ से पहले घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar