रामनवमी पर रांची में लगेगा सेवा शिविर, श्रद्धालुओं का होगा स्वागत

 


रांची, 23 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को निकलने वाली शोभा यात्रा में शामिल श्रीराम भक्तों के स्वागत के लिए कचहरी चौक स्थित शिविर में विशेष व्यवस्था की गई है। बाबा विद्यापति स्मारक समिति की ओर से इस सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष जयंत झा ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शिविर में श्रद्धालुओं को कच्चा चना, गुड़ का शरबत और शीतल पेयजल वितरित किया जाएगा, ताकि शोभायात्रा में शामिल लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने जानकारी दी कि इस सेवा शिविर का उद्घाटन रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर दोनों अतिथियों को मिथिला पाग, अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ और समिति का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

अध्यक्ष जयंत झा ने बताया कि रामनवमी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिविर में समिति के पदाधिकारी और स्वयंसेवक पूरी तत्परता के साथ मौजूद रहेंगे और श्रद्धालुओं की सेवा करेंगे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak