रामनवमी को लेकर एसपी ने दिया आवश्यक निर्देश

 


लोहरदगा, 26 मार्च (हि.स.)।

जिला में रामनवमी को लेकर हर तरफ उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। बजरंगी पताकों से पूरे शहर को पाट दिया गया है और जगह-जगह शोभा यात्रा और झांकियां निकाली जा रही है। कहीं अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता तो कहीं भंडारा का आयोजन किया जा रहा है। पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि किसी भी तरह की उदंडता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इधर, एसपी ने गुरुवार को भंडरा थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामनवमी मेला को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद एसपी ने प्रखंड के महावीर अखाड़ा कमिटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।मौके पर एसपी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक होते हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालु आपसी सौहार्द बनाए रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रख रहा है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर