रंजन फौजी को मिली नई जिम्मेदारी, बने भाजपा झारखंड पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक
रामगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के सांगठनिक विस्तार के तहत रंजन फौजी को पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर रंजन फौजी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ आदित्य प्रसाद साहू, राकेश प्रसाद, सांसद मनीष जायसवाल सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
रंजन फौजी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा। पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है। अब उनकी समस्याओं, अधिकारों और सम्मान से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाना मेरी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ समाजसेवा के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। राष्ट्रसेवा, संगठन की मजबूती और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
रंजन फौजी ने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और राष्ट्रसेवा का जज्बा समाज और संगठन के लिए बड़ी ताकत है। मेरा प्रयास रहेगा कि झारखंड के प्रत्येक जिले में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ को मजबूत और सक्रिय बनाया जाए तथा अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को संगठन से जोड़ा जाए। उन्होंने अपने सभी साथी पूर्व सैनिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।
रंजन फौजी को प्रदेश संयोजक बनाए जाने पर झारखंड सेवा समिति के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि यह रामगढ़ जिले के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि रंजन फौजी के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ को नई मजबूती मिलेगी।
बधाई देने वालों में नंदकिशोर प्रसाद उर्फ नंदू बाबू, मनोज मंडल, सीए अजीत जायसवाल, विनोद साहू, अधिवक्ता आनंद सिन्हा, रुपेश गुप्ता, अरुण महतो सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश