रामगढ़ में बन रहा झारखंड का पहला आपदा प्रबंधन का वेबसाइट
रामगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ जिला में आपदा प्रबंधन का वेबसाइट तैयार कर रहा है। इस वेबसाइट के बनने के बाद आवेदनकर्ता अपने आवेदन पर होने वाली पहल पर पूरी नजर रख सकता है। इसके जिरए अब जिले में बाढ़, सूखा, भूकंप, वज्रपात, चक्रवात, अग्निकांड, ओलावृष्टि, पानी में डूबने से मृत्यु, सर्पदंश से मृत्यु की घटनाओं को लेकर सभी े आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। इसके जरिए अब अंचल से लेकर जिला तक का पूरा लेखा-जोखा ऑनलाइन हो जाएगा। हर जानकारी एक क्लिक पर अधिकारी भी दे सकते हैं और आवेदनकर्ता भी जानकारी ले सकते हैं।
मौके पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के जिला सूचना अधिकारी सह संयुक्त निदेशक वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा मिलने का प्रावधान है। यह मुआवजा कई बार लंबे समय के बाद भी पीड़ित परिवार तक पहुंच पाता है। इस बीच परिवार के सदस्य अलग-अलग कार्यालय का चक्कर लगाते रहते हैं। उन्हें इस बात का पता नहीं हो पता है कि उनकी फाइल किस कार्यालय में किस स्तर पर मौजूद है। जब आपदा प्रबंधन का यह वेबसाइट पूरी तरीके से तैयार हो जाएगा, तो सरकारी तंत्र में मौजूद अधिकारी इस फाइल को बढ़ाने के बाद ऑनलाइन अपडेट करेंगे। इससे रामगढ़ जिला प्रशासन को भी भारी मदद मिलेगी। किस व्यक्ति के परिवार को किस खाते में कितना पैसा मिला है, इसकी जानकारी सिर्फ एक क्लिक के बाद पता चल जाएगी। उन्होंने कहा कि किस पीड़ित परिवार का मुआवजा लंबित है इसकी जानकारी भी बड़ी आसानी से हो जाएगी। इसके लिए मोटी फाइल को खंगालना नहीं पड़ेगा। सभी लंबित और निष्पादित मामले ऑनलाइन देखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश