राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए रामगढ़ की टीम जमशेदपुर रवाना

 


रामगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)।

राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली हॉकी टीम रविवार को जमशेदपुर के लिए रवाना हुई।

प्रतियोगिता में जिले के युवा हॉकी खिलाड़ी अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ का नाम राज्य स्तर पर रोशन करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।

टीम की रवानगी के अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हॉकी झारखंड के कार्यकारी सदस्य सह रामगढ़ हॉकी एसोसिएशन के सचिव संतोष कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष रंजन सिंह, कार्यकारी सदस्य धनेश साहू, अमिताभ कुनाल, मीता गांगुली एवं रविंद्र दुबे उपस्थित थे। इसके अलावा श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल के पीईटी अजीत कुमार और अनिकेत कुमार ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

रवानगी से पूर्व रामगढ़ हॉकी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नेपाल यादव ने टीम के खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की। नई किट पाकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर नेपाल यादव ने खिलाड़ियों को अनुशासन, टीम भावना और पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने की प्रेरणा दी।

रामगढ़ की इस टीम में श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल के 10 खिलाड़ी और डीएवी भरेचनगर के ०4 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम में शामिल खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और रामगढ़ को गौरवान्वित करने का संकल्प लिया।

खिलाड़ियों की रवानगी के दौरान मौजूद खेल पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने कहा कि रामगढ़ में हॉकी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलने पर जिले के खिलाड़ी राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन एवं सफलता की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश