रामगढ़ का जिमखाना क्लब अंतरराष्ट्रीय मानकों पर होगा विकसित, मार्च 2027 तक पूरा होगा विस्तार कार्य

 


रामगढ़, 01 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ स्थित जिमखाना क्लब को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। क्लब को फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाओं वाले रिजॉर्ट के रूप में विकसित करने की योजना है। इसकी जानकारी शनिवार को रामचंद्र रुंगटा समूह ने प्रेसवार्ता में दी। समूह के पदाधिकारियों ने बताया कि क्लब के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है तथा इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिमखाना क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में आरसी रुंगटा समूह के मुख्य महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास एवं कॉरपोरेट अफेयर्स) सुभरेंदु चटर्जी, कॉरपोरेट अफेयर्स के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश झा, क्लब की एसोसिएट डायरेक्टर पल्लवी आनंद तथा प्रशासक अरविंद सिंह ने परियोजना की विस्तृत जानकारी दी।

पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में क्लब में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बार और दो लग्जरी कमरों की शुरुआत कर दी गई है। आगामी चरण में यहां 45 नए कमरे तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, पिकबॉल एवं पैडल कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट एरिना और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि जिमखाना क्लब की स्थापना वर्ष 1999 में रामचंद्र रुंगटा ने इस उद्देश्य से की थी कि परिवारों को एक ही परिसर में मनोरंजन, खेल और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उसी अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए क्लब को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर आतिथ्य सेवाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

क्लब प्रबंधन ने बताया कि अक्टूबर में नौ दिवसीय भजन संध्या का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए वृंदावन के संतों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

अधिकारियों के अनुसार, क्लब के विस्तार कार्य के पूरा होने के बाद यहां खेल, आवास, मनोरंजन और आतिथ्य सेवाओं की अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही क्लब की सदस्यता भी आम लोगों के लिए खोल दी गई है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश