मंत्री ने किया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का उद्घाटन, बोलीं हेमंत सरकार में घर बैठे हो रहे लोगों का काम

 




रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। रामगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए भवन का उद्घाटन शुक्रवार को ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग और पंचायती राज विभाग मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रामगढ़ प्रखंड कार्यालय का नया भवन बेहद हाईटेक होगा। यहां डिजिटल व्यवस्था से नागरिकों को अपना काम करने में आसानी होगी। जिस उद्देश्य के साथ इस नए भवन को बनाया गया है, उससे स्पष्ट है कि यहां आने वाले ग्रामीणों को हर सुविधा और सहायता उपलब्ध होगी।

मंत्री ने कहा कि किस कार्यालय में कौन कहां बैठेगा, इसका बोर्ड लगना चाहिए, ताकि आने वाले लोग भटकते न रहे। हेमंत सरकार में यहां के नागरिकों का काम उनके घर पर ही होता है। पंचायत भवन में जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जैसे कई काम बड़ी आसानी से हो रहे हैं। इसके अलावा सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उसका लाभ देने के लिए गांव-गांव में कैंप लगाए जा रहे हैं। हेमंत सोरेन की सरकार का निर्देश साफ है कि सरकारी कार्यालय में बैठने वाले अधिकारी और कर्मचारी से आम नागरिकों को सुविधा मिले और उनकी समस्या दूर हो।

मंत्री रामगढ़ जिले के किसानों और महिलाओं को विदेश के बाजार में उत्पाद पहुंचाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का हुनर और मेहनत आज सरकार की मदद से रंग ला रहा है। दुबई, यूके और अन्य देश में यहां के उत्पाद पहुंच रहे हैं।

दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि जब पहली बार हेमंत सोरेन की सरकार राज्य में बनी थी, तब कई बुनियादी समस्याएं थी। आज सड़क, बिजली, पानी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। रामगढ़ जिले में भी डीएमएफटी फंड से चापाकल और पानी टंकी की मरम्मत कराई जा रही है।

उन्होंने ने कहा कि आज पंचायत स्तर पर भी सरकार मजबूत हो गई है। 15 वें वित्त आयोग का पैसा पंचायत के अकाउंट में पहुंच गया है। आज घर मुखिया के अकाउंट में 35 लाख रुपये हैं। राज्य वित्त का पैसा जल्द ही उनके खाते में आएगा। हर मुखिया के खाते में 50 लाख रुपये होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्या का समाधान होगा।

भवन के उद्घाटन के बाद मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कार्यालय परिसर के बाहर पौधा लगाया। इसके अलावा डीसी ऋतुराज ने भी वहां पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस मौके पर विधायक ममता देवी, डीसी ऋतुराज, डीडीसी आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता मनिंदर भगत, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास, प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी रीना कुजूर, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश