श्री राम-जानकी तपोवन मंदिर को भव्य स्वरूप देने की तैयारी, मुख्यमंत्री सोरेन ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन

 




रांची, 13 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सोमवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में श्री राम-जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति, रांची के सदस्यों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति ने मंदिर के नवनिर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री को स्थल का निरीक्षण करने के लिए आमंत्रित किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्री राम-जानकी तपोवन मंदिर न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, बल्कि रांची की एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर भी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंदिर के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर को भव्य, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर का विकास इस प्रकार किया जाए कि यह धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके।

समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर के नवनिर्माण का लक्ष्य वर्ष 2029 तक पूरा करने का रखा गया है। वर्तमान में फाउंडेशन तक का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंदिर का निर्माण कार्य प्रसिद्ध वास्तुकार (आर्किटेक्ट)आशीष सोमपुरा के निर्देशन में किया जा रहा है, जो अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर के भी आर्किटेक्ट हैं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में मंदिर के महंत ओमप्रकाश, समिति के सचिव प्रणय कुमार, सदस्य प्रवीण कुमार वर्मा, अयोध्या दास सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे