राज्यसभा चुनाव : झामुमो, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने किया दो-दो सेट में नामांकन

 




रांची, 08 जून (हि.स.)। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन प्रत्याशियों ने साेमवार काे दो-दो सेट में नामांकन किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से बैजनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में परिमल नाथवाणी ने अपनी दावेदारी ठोक दी है। तीनों ने दो-दो सेटों में नामांकन दाखिल किया। हर किसी के प्रस्तावकों की सूची अपने आप में एक बड़ी सियासी कहानी कह रही है।

झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम के पहले नामांकन सेट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद प्रस्तावक बने हैं। उनके साथ स्टीफन मरांडी, मथुरा महतो, उदय शंकर सिंह, लुइस मरांडी, सविता महतो, समीर मोहंती, अनंत प्रताप देव, जिग्गा सुसारन होरो और सजीव सरदार के नाम भी इस सूची में दर्ज हैं। दूसरे सेट में पार्टी ने युवा और सक्रिय चेहरों को आगे किया है। बसंत सोरेन, हफीजुल हसन अंसारी, सुदिव्य सोनू, उमाकांत रजक, धनंजय सोरेन, योगेंद्र प्रसाद, मो. ताजुद्दीन, आलोक सोरेन, सुदीप गुड़िया और राम सूर्या मुंडा इस सेट में प्रस्तावक हैं। यानी पार्टी ने वरिष्ठ और युवा दोनों मोर्चों को एक साथ साधने की कोशिश की है।

कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के पहले सेट में झामुमो विधायक कल्पना सोरेन प्रस्तावक के रूप में सामने आई हैं। उनके साथ संजय प्रसाद यादव, सुरेश पासवान, मंगल कालिंदी, दीपक बिरूआ, निरल पूर्ति, भूषण तिर्की, सुखराम उरांव, नरेश प्रसाद सिंह और अरूप चटर्जी का नाम भी इस सूची में है। दूसरे सेट में अनुभव का पलड़ा भारी रखा गया है। प्रदीप यादव, डॉ. रामेश्वर उरांव, राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, सुरेश बैठा, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ा, शिल्पी नेहा तिर्की, राजेश कच्छप और कुमार जयमंगल सिंह ने समर्थन दिया है। महागठबंधन की यह एकजुटता कांग्रेस के लिए बड़ी ताकत मानी जा रही है।

वहीं, दो सीटों पर तीन दावेदारी को देखते हुए परिमल नाथवानी ने ऐसी चाल चली कि झारखंड में राज्यसभा चुनाव का पूरा समीकरण ही पलट दिया। परिमल ने किसी खास पार्टी से अलग निर्दलीय पर्चा भरा। उनकी रणनीति तो तब चौंकाई जब वो नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उनके पहले सेट के प्रस्तावकों में बाबूलाल मरांडी खेमे के नेताओं के साथ नवीन जायसवाल, सत्येंद्र तिवारी, डॉ. नीरा यादव, जर्नादन पासवान, सीपी सिंह, राज सिन्हा, निर्मल महतो और प्रकाश राम शामिल हैं। दूसरे सेट ने तो सारे समीकरण ही पलट दिए। चंपाई सोरेन और सरयू राय जैसे बड़े नाम उनके साथ खड़े हैं, और साथ में अमित यादव, नागेंद्र महतो, कुशवाहा शशि भूषण मेहता, मंजू कुमारी, रागिनी सिंह, पूर्णिमा साहू, देवेंद्र कुंवर और आलोक चौरसिया भी इस सूची में हैं। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे