झारखंड में पांच से सात अक्टूबर तक सात जिलों में हल्की बारिश की संभावना
रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
राज्य के उत्तर -पूर्वी क्षेत्र के सात जिलों में पांच से सात अक्टूबर तक हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के जिन जिलों में पांच अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है उनमें देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल है। इसके अलावा छह और सात अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी।
विभाग की ओर से कहा गया है कि चार अक्टूबर तक राज्य भर में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद कुछ जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 35.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
वहीं इस दौरान राज्य भर में कहीं बारिश दर्ज नहीं की गई।
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। इससे दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस किया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों चार-पांच दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद राज्य भर में सुबह-शाम ठंड का अनुभव होने लगा है।
वही, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34. 1 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.2 डिग्री और न्यूनतम 24.5. डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak