झारखंड में सामान्य से एक प्रतिशत कम बारिश, पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक और पाकुड़ में सबसे कम
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में इस मानसून सीजन में 1 जून से 28 सितंबर तक 1001.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह सामान्य बारिश से करीब एक प्रतिशत कम है। राज्य में पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक और पाकुड़ में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य 993.3 मिलीमीटर के मुकाबले 1476 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं पाकुड़ में सामान्य 1202.3 मिलीमीटर के मुकाबले महज 584.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा धनबाद में 1105.7, दुमका में 1005.7, पूर्वी सिंहभूम में 1233, जामताड़ा में 1101, खूंटी में 1139.6, लातेहार में 1155.5, लोहरदगा में 1055.7, रामगढ़ में 1040.4, रांची में 1211.6, सरायकेला में 1220.3 और सिमडेगा में 1308.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
राज्य के कई जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही। देवघर में 709 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 28 प्रतिशत कम है। चतरा में 606.7 मिलीमीटर (35 प्रतिशत कम), गढ़वा में 693.8 मिलीमीटर (23 प्रतिशत कम), गुमला में 780.3 मिलीमीटर (26 प्रतिशत कम), कोडरमा में 695.5 मिलीमीटर (21 प्रतिशत कम), पलामू में 678.4 मिलीमीटर (20 प्रतिशत कम) और साहिबगंज में 758.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 36 प्रतिशत कम है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 11 मिलीमीटर बारिश सिमडेगा के बानो में रिकॉर्ड की गई। इस दौरान सरायकेला में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दिनभर धूप के कारण गर्मी और उमस महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 29.3 और न्यूनतम 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम 24.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.6 और 23.7 डिग्री, बोकारो में 31.1 और 23.1 डिग्री तथा चाईबासा में 33.4 और 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak