झारखंड में बारिश सामान्य के करीब, 14 अगस्त तक 535.7 मिमी वर्षा दर्ज
-पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक बारिश
रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में इस मानसून सीजन में बारिश की स्थिति अब सामान्य के करीब पहुंच गई है। राज्य में एक जून से 14 अगस्त तक 535.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य वर्षा 650.2 मिलीमीटर से 18 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य से 19 प्रतिशत तक कम बारिश को सामान्य वर्षा की श्रेणी में माना जाता है।
राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले में दर्ज की गई है। यहां सामान्य से 35 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। वहीं गढ़वा में सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई, जहां वर्षा सामान्य से 55 प्रतिशत कम है।
राजधानी रांची में भी बारिश की स्थिति लगभग सामान्य बनी हुई है। यहां अब तक सामान्य से महज दो प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान रांची में 52 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बरवाडीह में एक दिन में 318 मिमी बारिश
इस मानसून सीजन में एक दिन में सबसे अधिक 318 मिलीमीटर बारिश बरवाडीह में रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा खूंटी में 70 मिलीमीटर, लोहरदगा में 110 मिलीमीटर, लातेहार में 45 मिलीमीटर, सरायकेला में 36 मिलीमीटर, चाईबासा में 30 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 31 मिलीमीटर और डाल्टनगंज में भी 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान लातेहार में 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। आसमान में घने और काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शाम के समय भी बारिश होने की संभावना है।
शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34 और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.5 और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 29.4 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak