झारखंड में अब तक 8 प्रतिशत कम बारिश, पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक वर्षापात

 


रांची, 22 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में एक जून से 22 सितंबर तक सामान्य से आठ प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य 970 मिलीमीटर के मुकाबले 892.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक और पाकुड़ में सबसे कम बारिश दर्ज हुई है।

पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य 960.3 मिलीमीटर के मुकाबले 1345.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 40 प्रतिशत अधिक है। वहीं पाकुड़ में सामान्य 1123.2 मिलीमीटर के मुकाबले सिर्फ 543.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य से 52 प्रतिशत कम है।

राज्य में सामान्य से बेहतर वर्षापात वाले जिलों में पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रांची, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, धनबाद, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी, जामताड़ा और बोकारो शामिल हैं। कम वर्षापात वाले जिलों में पाकुड़, कोडरमा, साहिबगंज, गुमला, गिरिडीह, गढ़वा, चतरा और देवघर हैं।

मौसम विभाग ने 27 सितंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 24 सितंबर को रांची सहित पांच जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में जमशेदपुर में सर्वाधिक 14.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और लातेहार में न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मंगलवार को रांची में सुबह से धूप खिली रही और उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक रांची समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। रांची में अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 31.5 और 24.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.6 और 25.9 डिग्री, बोकारो में 33.1 और 24.5 डिग्री तथा चाईबासा में 31.4 और 23.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak