झारखंड में आठ सितंबर से फिर बारिश के आसार, गर्मी-उमस से मिलेगी राहत

 


रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में आठ सितंबर से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश 10 सितंबर तक जारी रह सकती है। इससे राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब फिर लौट रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य में बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगस्त में पूरे राज्य में अच्छी बारिश हुई, जिससे बारिश की पूर्व कमी की भरपाई हो गई है।

इधर, बारिश थमने से रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में रांची में 97 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। इस दौरान पाकुड़ में राज्य का सर्वाधिक 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 19.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रांची के कांके में रिकॉर्ड हुआ।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 16.8 मिलीमीटर बारिश गोड्डा जिले के बोआरीजोर में दर्ज की गई। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। इससे दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा।

शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 31 और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डालटनगंज में 31.2 और 25.6 डिग्री, बोकारो में 32.1 और 24.5 डिग्री तथा चाईबासा में 29.8 और 22.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।--------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak