खराब मौसम में खान बचाव रेस्क्यू टीमों ने दिखाई तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन

 


रामगढ़, 23 सितंबर (हि.स.)।

सीसीएल के खान बचाव केंद्र, रामगढ़ स्थित नईसराय में आयोजित चार दिवसीय 40वीं क्षेत्रीय खान बचाव प्रतियोगिता 2026 के तीसरे दिन बुधवार को विभिन्न बचाव और तकनीकी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद रेस्क्यू टीमों के उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना में कोई कमी नहीं आई। प्रतिभागियों ने चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच अनुशासन, समर्पण और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया।

तीसरे दिन रेस्क्यू एवं रिकवरी, फर्स्ट एड और स्टैच्यूटरी टेस्ट सहित विभिन्न व्यावहारिक और तकनीकी स्पर्धाएं आयोजित हुईं। इन प्रतियोगिताओं में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, टीमवर्क, तकनीकी कौशल और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप बचाव कार्य करने की दक्षता को परखा गया।

प्रतियोगिता का समापन समारोह और पुरस्कार वितरण 24 सितंबर 2026 को होगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

स्पर्धाओं के दौरान टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर समन्वय, तत्परता और तकनीकी क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन निदेशालय खान सुरक्षा (डीजीएमएस) और सीसीएल के विशेषज्ञ अधिकारियों को शामिल कर गठित निर्णायक मंडल की ओर से निर्धारित मानकों के आधार पर किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में सीसीएल के 11 क्षेत्रों बरका-सयाल, बीएंडके, अरगड्डा, कुजू, हजारीबाग, ढोरी, कथारा, मगध-संघमित्रा, एनके, आम्रपाली-चंद्रगुप्त और पिपरवार के अलावा एनसीएल एवं जेएमएस (चूरी) की टीमें शामिल हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar