रांची में बारिश का कोटा पूरा, अब तक 1207.9 मिमी वर्षा दर्ज

 




-झारखंड में सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश- 21 सितंबर तक गरज के साथ बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

रांची, 17 सितंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में इस मानसून सीजन में बारिश का कोटा पूरा हो गया है। रांची में एक जून से 17 सितंबर तक 1207.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूरे झारखंड में अब तक 878.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 935.3 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश हुई है।

इस बीच, मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के पुटकी में 69 मिलीमीटर दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी और उमस महसूस की गई। रांची में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम 25.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 24.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.8 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak