नशाखोरी, अड्डेबाजी और छेड़खानी काे लेकर पुलिस ने की छापेमारी

 




रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नशाखोरी, अड्डेबाजी और छेड़खानी जैसी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए रामगढ़ पुलिस ने रात के अंधेरे में मोर्चा संभाल लिया है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर ‘प्रहरी’ पहल के तहत जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों ने पहुंचकर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर छापेमारी की, जहां असामाजिक तत्वों के जमावड़े और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका रहती है। नशाखोरी, छेड़खानी, अड्डेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की टीमों ने विशेष सतर्कता बरती।

माैके पर एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। नशाखोरी, अड्डेबाजी, छेड़खानी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ‘प्रहरी’ पहल के तहत ऐसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश