इरफान अंसारी के बयान के विरोध में भाजपा का रांची में प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला दहन किया

 




रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। झारखंड सरकार के मंत्री एवं कांग्रेस नेता इरफान अंसारी के बयान के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को रांची में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीपीएस चौक पर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा ने मंत्री के उस बयान पर आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि 40 लाख युवा राहुल गांधी के एक इशारे का इंतजार कर रहे हैं।

साथ ही चेतावनी दी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय रहते हालात नहीं संभाले तो देश की स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर हो सकती है।

भाजपा ने इसे देश में अराजकता फैलाने वाला बयान बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। पार्टी का आरोप है कि मंत्री का बयान युवाओं को सड़क पर उतरने और सेना से टकराव की स्थिति पैदा करने का संकेत देता है। भाजपा ने केंद्र सरकार से इरफान अंसारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि इरफान अंसारी के वीडियो ने देश में अराजकता फैलाने की कितनी बड़ी साजिश चल रही है, उसे उजागर कर दिया है। 40 लाख लोगों को सड़क पर उतारने की बात करना और यह कहना कि राहुल गांधी ने उन्हें रोक रखा है, बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जिस दिन राहुल गांधी इजाजत दे देंगे, उस दिन देश में क्या स्थिति होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है। यह केवल सरकार को ही नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था और सेना को भी खुली चुनौती देने जैसा है।

बाउरी ने कहा कि इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चेतावनी देते हुए भारत की स्थिति नेपाल और बांग्लादेश से भी बदतर होने की बात कही है। इस तरह के बयान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने और जनता के बीच भय एवं भ्रम फैलाने का प्रयास हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश में तख्तापलट की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी। भारत का लोकतंत्र और संविधान अत्यंत मजबूत एवं जीवंत है। विपक्ष की ऐसी किसी भी कोशिश से लोकतंत्र का बाल भी बांका नहीं हो सकता।

बाउरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा से स्पष्ट जवाब मांगा कि क्या वे मंत्री इरफान अंसारी के इस बयान से सहमत हैं? यदि सहमत नहीं हैं तो मुख्यमंत्री तत्काल उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी मंत्री द्वारा इस प्रकार की बयानबाजी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस की मान्यता समाप्त करने की भी मांग की है।

इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, सुनील सोरेन, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह,समीर उरांव, सुदर्शन भगत, रोशनी खलखो, अशोक बड़ाईक, सन्नी टोप्पो, मीरा मुंडा, गीता बुलमुचू, आरती कुजूर, अनिता मुर्मू, शकुंतला उरांव, संजय सरदार, शिवशंकर उरांव, वरुण साहू, गंगोत्री कुजूर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे