बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे रघुवर दास, की पूजा-अर्चना

 


देवघर, 03 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को बाबा नगरी देवघर पहुंचे। उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया।

इस दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि और देश के कल्याण की कामना की। साथ ही देश में अराजकता फैलाने वाली राष्ट्रविरोधी शक्तियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।

बाबा मंदिर में तीर्थ पुरोहित ने उन्हें संकल्प कराया। इसके बाद गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कराया गया। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद रघुवर दास ने पथरोल काली मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और माथा टेका। इसके बाद वे गंजेवाड़ी स्थित नायक स्थान पहुंचे, जहां नायक बाबा की पूजा-अर्चना कर पूरे भारत के कल्याण की कामना की।

मीडिया से बातचीत के दौरान रघुवर दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार बनी है, तब से देश में चौतरफा विकास हुआ है और भारत की शक्ति और प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया की राजनीति में भी उनकी मजबूत पहचान बनी है।

उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आध्यात्मिक और धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ शक्तियां देश को बांटने का काम कर रही हैं। उन्होंने ऐसी शक्तियों को सद्बुद्धि देने की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए वंशवाद की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने विपक्षी शक्तियों को असुरी शक्तियों से जोड़ते हुए कहा कि ऐसी राजनीति देश में अराजकता फैलाने का काम करती है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि सभी को सद्बुद्धि मिले और देशवासी मिलकर भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।

रघुवर दास के देवघर आगमन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व विधायक रणधीर सिंह, बलबीर राय, नंदलाल तिवारी, गुड्डू गुप्ता, संतोष गुप्ता सहित भाजपा के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy