राधा गोविंद विश्वविद्यालय के कंप्यूटर लैब में छेड़छाड़ पर डीसी ने एनटीए को भेजी रिपोर्ट
रामगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के राधा गोविंद विश्वविद्यालय में जेईई मेंस की परीक्षा को लेकर कंप्यूटर लैब में हुई छेड़छाड़ की पुष्टि डीसी फैैजअक अहमद मुमताजकी ओर से कराई गई जांच रिपोर्ट में हो गई है। इस परीक्षा के संचालक को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी पूरी संभावना नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के समक्ष व्यक्त की है।
राधा गोविंद विश्वविद्यालय में जेईई मेंस की परीक्षा आयोजित करने का निर्णय अब एनटीए और टीसीएस के निर्णय पर आधारित होगा। डीसी ने एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी की ओर से की गई जांच की सारी बिंदुओं को एनटीए के समक्ष रख दिया है।
उल्लेखनीय है कि 02 अप्रैल को राधा गोविंद यूनिवर्सिटी में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन-मेंस (जेईई मेंस) की परीक्षा आयोजित होने वाली थी। इससे पूर्व ही परीक्षा पास कराने वाले एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ हो गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस छापेमारी के बाद जहां कार्रवाई तेज होनी चाहिए थी, वहीं पर्दे के पीछे गतिविधियां अचानक बढ़ गईं हैं और कुछ कथित प्रभावशाली लोग सक्रिय हो गए हैं एवं मामले को शांत करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।
सूत्रों का दावा है कि कुछ लोग खुद को पुलिस अधिकारियों का करीबी बताकर सक्रिय हैं और मामले में अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है।
मामले को लेकर काफी समय तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इससे मामले को लेकर चर्चा और सवाल बढ़ने लगा है। प्रशासनिक दबाव के बाद ही मामला दर्ज किया गया। इससे यह संदेह और मजबूत होता है कि शुरुआत में मामले को दबाने की कोशिश की गई।
वहीं मामला सामने आने के बाद राधा गोविंद यूनिवर्सिटी के प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। यूनिवर्सिटी की पारदर्शिता को लेकर संदेह गहरा रहा है और संस्थान की छवि प्रभावित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश