मौसम केन्द्र में क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विजेता बच्चे पुरस्कृत
रांची, 15 जनवरी (हि.स.)। मौसम केंद्र, रांची में गुरूवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की सेवा के 151 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में क्विज प्रतियोगता का भी आयोजन किया गया और विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने मौसम केंद्र, रांची की ओर से दी जा रही सभी सेवाओं मौसम पूर्वानुमान, भारी बारिश, ओला, ठंड और गर्मी की लहरें, धूल भरी आंधी, नॉरवेस्टर्स, बर्फ, उष्णकटिबंधीय चक्रवातों की जानकारियां, मौसमी चेतावनी के साथ-साथ विमानन, कृषि, सिंचाई, नौवहन, अपतटीय तेल अन्वेषण जैसी सेवाओं के सफल संचालन के लिए दी जा रही बातों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मौके पर मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम सुरेन्द्र नाथ सेंटेनरी विद्यालय से आये बच्चों को मौसम विज्ञान केंद्र के विभिन्न क्रियाकलापों से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को विभाग के विभिन्न एप्प दामिनी, सचेत, मेघदूत, मौसम के बारे में भी बताया। साथ ही इनके प्रयोग करने की भी सलाह दी।
मौके पर बच्चों ने विभिन्न मौसमीय उपकरणों (स्वचालित मौसम संयंत्र, रेडियो सोंडे) और सतही प्रेक्षण वेधशाला जाकर डेमोंसट्रेशन देखा। साथ ही सभी बच्चों को विभाग के कार्य-पद्धति से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मौसम विज्ञान केंंद्र के वैज्ञानिक और कर्मचारी सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar