योजनाओं के क्रियान्वयन में शत-प्रतिशत लक्ष्य सुनिश्चित करें : भजन्त्री
रांची, 20 मई (हि.स.)। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन में शत-प्रतिशत लक्ष्य सुनिश्चित करें ताकि ठोस रूप से कार्य किया जा सके।
उपायुक्त बुधवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में विभिन्न कार्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बोल रहे थे। बैठक में एमटीसी केंद्रों की मॉनिटरिंग, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था, सेविका-सहायिकाओं की नियुक्ति तथा वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान कांके, ओरमांझी एवं रातू अंचल द्वारा भूमि विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताई गई। उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों से शोकॉज करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने को कहा।
मौके पर उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और पोषण ट्रैकर ऐप में शत-प्रतिशत डाटा एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का अपार आईडी निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को भी कहा गया। बैठक में प्रभारी उप विकास आयुक्त-सह-परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय भगत, सिविल सर्जन प्रभात कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रांची, जिला मलेरिया पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, एसीएमओ, सभी एमओआईसी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम), सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका सहित संबंधित विभाग के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar