पीवीयूएनएल में आपदा से निपटने के लिए कर्मियों को मिला प्रशिक्षण
रामगढ़, 25 मई (हि.स.)। जिले के पीवीयूएनएल में आपदा से निपटने के लिए कर्मचारियों के बीच सोमवार को मॉक ड्रिल किया गया।
पीवीयूएनएल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ एके सिन्हा ने बताया कि किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए
कर्मचारियों, सीआईएसएफ और प्रबंधन को सजग एवं प्रशिक्षित रखने के उद्देश्य से अम्ल रिसाव (एसिड लीकेज) पर आधारित एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
सीआईएसएफ और एनडीआरएफ टीम की सहभागिता से मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न कराया। उक्त मॉक ड्रिल का आयोजन डीएम प्लांट स्थित अम्ल भंडारण टैंक क्षेत्र में किया गया, जहां अम्ल रिसाव की काल्पनिक आपात स्थिति उत्पन्न कर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान सीआईएसएफ और एनडीआरएफ के मध्य उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला तथा प्रबंधन का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा। चिकित्सालय और एंबुलेंस दल पूर्ण तत्परता के साथ सक्रिय रहे। सुरक्षा अधिकारी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) और महाप्रबंधक (परियोजना) भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। मॉक ड्रिल का उद्देश्य अम्ल रिसाव जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना और विभिन्न एजेंसियों के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश