पीवीयूएनएल ने दो तालाबों के विकास के साथ एएलएस एम्बुलेंस कराया उपलब्ध
रामगढ़, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पीवीयूएनएल (पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड) ने सामुदायिक विकास एवं जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पतरातू क्षेत्र को कई सौगातें दी हैं। शनिवार को सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जोड़ा तालाब और पांडे तालाब के विकास कार्यों एवं पतरातू प्रखंड के लिए एक अत्याधुनिक एएलएस (एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट) एम्बुलेंस की सुविधा प्रदान की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मनीष जायसवाल और बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एके सहगल भी मौजूद थे।
पीवीयूएनएल की इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। जोड़ा तालाब और पांडे तालाब के विकास से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं, पतरातू प्रखंड को उपलब्ध कराई गई एएलएस एम्बुलेंस आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे गंभीर रूप से बीमार और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पीवीयूएनएल की इस पहल से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। जल संरक्षण और सामुदायिक आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश