पल्स पोलियो अभियान शुरू, डीसी ने पिलाया अपने पुत्र और पुत्री को खुराक
रामगढ़, 28 जून (हि.स.)। देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित करने के उद्देश्य से रविवार को जिले में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।
सदर अस्पताल में डीसी ऋतुराज ने अपने पुत्र और पुत्री को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर विधायक ममता देवी और सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार मौजूद थे ।
इस अवसर पर डीसी ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से ०5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य विभाग ने इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान रामगढ़ जिले के 1,71,477 बच्चों (0 से ०5 वर्ष तक) को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पूरे जिले के सुदूरवर्ती गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक व्यापक तैयारियां की गई हैं। ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
समारोह के दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ तुलिका रानी, जिला टीबी पदाधिकारी डॉ स्वराज और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ हरेन चंद्र महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कि भारत ने पोलियो पर विजय प्राप्त कर ली है। लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले का एक भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से छूटना नहीं चाहिए।
वहीं सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार और जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश