जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करने के लिए प्रोफेसनल्स कांग्रेस का कार्यक्रम 11 को
रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। राज्य के प्रोफेसनल्स के लिए 11 नवंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसे लेकर रांची स्थित प्रदेश कांग्रेेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सोमवार को दी।
उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू 11 नवंबर को झारखंड दौरे पर रहेंगे।
इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेता ‘थिंक 29’ के तहत आयोजित विशेष व्याख्यान और नीति संगोष्ठी में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों के साथ झारखंड की अर्थव्यवस्था, रोजगार, उद्योग, कृषि और विकास की प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संगोष्ठी का उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है।
‘थिंक 29’ के तहत खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता, कृषि विकास, आदिवासी अधिकार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का मानना है कि झारखंड की आर्थिक प्रगति में युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों और पेशेवरों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ‘थिंक 29’ झारखंड को आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन और समावेशी विकास की नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
महिला सशक्तिकरण पर भी होगा कार्यक्रम
कमलेश ने कहा कि 11 नवम्बर को फिरायालाल वैंक्वेट हॉल में महिला प्रोफेशनल और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसमें दोनों नेता भाग लेंगे।
वहीं प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह प्रोफेसनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस है। थिंक-2029 झारखंड में आयोजन इसलिए किया जा रहा है, ताकि यहां के प्रोफेशनल्स गंभीर चिंतन करें और एक मजबूत इकोनॉमिक पॉलिसी बताएं।
यूथ एम्पावरमेंट, इंडस्ट्रियल ग्रोथ, एमएसएमई के लिए क्या प्लान होगा इस पर गंभीर चर्चा होगी, जिसमें रिसर्चर, इकॉनॉमिस्ट, पॉलिसी मेकर आ रहे है, जो दिल्ली, मुंबई से आ रहे हैं। प्रेस वार्ता को प्रदेश कांग्रेस के कमिटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भी सम्बोधित किया।
मौके पर कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak