हजारीबाग से रांची तक गूंजा विरोध, पत्रकारों का प्रदर्शन

 


रांची, 29 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। हजारीबाग में एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट के विरोध में अब पूरे राज्य के पत्रकार एकजुट होते दिख रहे हैं। राजधानी रांची में भी पत्रकारों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपितों पर कडी कार्रवाई की मांग की।

राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर पत्रकारों का गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला, जहां हजारीबाग में पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ पत्रकारों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान पत्रकारों ने साफ कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ आज खुद असुरक्षित महसूस कर रहा है। लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से भी इस मामले में माफी मांगने की मांग की और उनके समर्थकों पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच की बात कही।

वहीं, हजारीबाग में जिन पत्रकार के साथ मारपीट की गई थी, वे भी रांची पहुंचे और उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि किस तरह उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल उठते रहेंगे और कब तक ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी।

इधर, घटना के विरोध में रांची प्रेस क्लब परिसर में भी पत्रकारों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। रांची प्रेस क्लब के सचिव अभिषेेक सिन्हा ने बताया कि मामले में आराेपिताें काे जल्द गिरफ्तार किया जाये और दाेषियाें पर कार्रवाई हाे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे