डीए जारी करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

 


रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कर्मचारी महासंघ, एनसीसीपीए और एआईपीआरपीए के राष्ट्रीय आह्वान पर गुरुवार को शहीद चौक रांची सहित देशभर में महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) की लंबित किस्त जारी करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर बडी संख्या में जुटे कर्मचारी और पेंशनर्स ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हर साल मार्च माह में महंगाई भत्ता-राहत की घोषणा की जाती है, लेकिन इस वर्ष एक जनवरी 2026 से देय किस्त की अब तक घोषणा नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों में आक्रोश है।

वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कोविड-19 काल के 18 महीने के महंगाई भत्ता और राहत का भुगतान अब तक लंबित रखे हुए है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से अविलंब बकाया राशि जारी करने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में केडी राय व्यथित, त्रिलोकी नाथ साहू, सुखदेव राम, राजेंद्र महतो, देवचरण साहू सहित कई अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar